रांची, 02 मई: देशभर में महंगाई का असर अब रसोई और व्यापारिक गतिविधियों पर साफ दिखने लगा है। 1 मई 2026 से 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम में भारी बढ़ोतरी की गई है। इस बार कीमतों में एक साथ करीब ₹993 की वृद्धि दर्ज की गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी मानी जा रही है।
रांची की बात करें तो पहले जहां 19 किलो कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत लगभग ₹2256 के आसपास थी, वहीं नई दर लागू होने के बाद इसमें करीब ₹994 की बढ़ोतरी हो गई है।
इस भारी मूल्य वृद्धि का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यवसायों पर पड़ेगा, क्योंकि ये सेक्टर मुख्य रूप से कमर्शियल गैस सिलेंडर पर निर्भर रहते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इसके कारण खाने-पीने की वस्तुओं के दाम भी बढ़ सकते हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
जानकारों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और वैश्विक ऊर्जा संकट इसके मुख्य कारण हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और सप्लाई बाधाओं के चलते एलपीजी की लागत बढ़ी है, जिसका असर सीधे घरेलू बाजार पर पड़ा है।
हालांकि इस बढ़ोतरी का असर केवल कमर्शियल सिलेंडर पर पड़ा है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम घरों को कुछ राहत मिली है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में अचानक हुई इस बड़ी वृद्धि ने बाजार में चिंता बढ़ा दी है। आने वाले दिनों में इसका असर महंगाई पर और गहरा पड़ सकता है, खासकर खाद्य पदार्थों की कीमतों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।