JET 2026 परीक्षा में बड़ा बवाल: शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द, प्रश्न पत्र न पहुंचने से बोकारो-रांची में हंगामा, अभ्यर्थी नाराज

Spread the News

रांची/बोकारो, 26 अप्रैल: झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आज आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा JET-2026 में गंभीर अव्यवस्था देखी गई। बोकारो और रांची के दो परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्र न पहुंचने और कमी होने के कारण शिक्षा (Education, विषय कोड-009) तथा उड़िया (Odia/Urdu, विषय कोड-023) विषय की परीक्षा तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है।

बोकारो के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर शिक्षा विषय की परीक्षा के लिए मात्र 32 प्रश्न पत्र ही उपलब्ध हो पाए, जिससे सैकड़ों अभ्यर्थी बाहर रह गए। अभ्यर्थियों ने भारी विरोध प्रदर्शन किया और केंद्र पर हंगामा मच गया। इसी तरह रांची के जिला स्कूल केंद्र पर उड़िया विषय के प्रश्न पत्र में भी गड़बड़ी और अनुपलब्धता की शिकायत आई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए JPSC ने दोनों विषयों की परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया। आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि इन दोनों विषयों की परीक्षा नई तिथि पर दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और विस्तृत जानकारी जल्द ही JPSC की आधिकारिक वेबसाइट www.jpsc.gov.in पर जारी की जाएगी।

अन्य सभी विषयों की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हुई।

झारखंड लोक सेवा आयोग के सचिव ने बताया कि प्रश्न पत्रों की आपूर्ति में हुई तकनीकी खामी के कारण यह परेशानी उत्पन्न हुई। आयोग अभ्यर्थियों से माफी मांगते हुए आश्वासन दिया है कि नई परीक्षा निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से कराई जाएगी। बाहर से आए अभ्यर्थियों को हुई परेशानी पर आयोग संवेदनशील है।

प्रभावित अभ्यर्थियों ने बताया कि वे कई दिनों से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और दूर-दूर से बोकारो व रांची पहुंचे थे। प्रश्न पत्र न मिलने से उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो गया। कुछ छात्रों ने कहा, “सालों बाद हो रही JET परीक्षा में ऐसी लापरवाही स्वीकार्य नहीं है।”

• सभी प्रभावित अभ्यर्थी नियमित रूप से JPSC वेबसाइट चेक करते रहें।

• नई तिथि घोषित होने पर Admit Card अपडेट हो सकता है।

• किसी भी अतिरिक्त जानकारी के लिए आयोग के हेल्पलाइन नंबर या ईमेल पर संपर्क करें।