राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन

Spread the News

नवप्रवेशित छात्रों का जोशीला स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा कैंपस

रामगढ़, 02 फरवरी राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय में वनस्पति विज्ञान, कृषि विज्ञान, जंतु विज्ञान एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विभागों द्वारा संयुक्त रूप से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत हेतु फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से रूबरू कराना तथा उनमें आत्मविश्वास का संचार करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आकर्षक नृत्य, मधुर गीत, रोचक नाटक एवं मनोरंजक खेलों का मंचन किया गया, जिनकी उपस्थित सभी ने खूब सराहना की। सीनियर छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए जूनियर साथियों का उत्साहवर्धन किया।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने नवागंतुक विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सचिव प्रियंका कुमारी ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कुलपति प्रो.(डॉ.) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा, “नवागंतुक विद्यार्थियों में असीम संभावनाएं छिपी होती हैं। विश्वविद्यालय का प्रयास है कि आपको ऐसा शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक वातावरण प्रदान किया जाए, जहां आपकी प्रतिभा निखरकर सामने आए।”

कुलसचिव प्रो.(डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने कहा, “फ्रेशर डे आपके शैक्षणिक जीवन की एक नई एवं महत्वपूर्ण शुरुआत है। विश्वविद्यालय की नियम-व्यवस्था, अनुशासन एवं उपलब्ध अवसरों का सदुपयोग कर आप अपने लक्ष्यों को अवश्य प्राप्त करेंगे।”

विभागाध्यक्षों एवं प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन, समर्पण तथा निरंतर अध्ययन के महत्व पर प्रकाश डाला और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मिस्टर फ्रेशर एवं मिस फ्रेशर का चयन रहा, जिसने सभी को उत्साहित किया।

इस अवसर पर वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो.(डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विज्ञान संकाय की विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल, डॉ. अपराजिता, डॉ. नेहा टोप्पो, डॉ. प्रणव महत्ता, श्याम कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य व्याख्याता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में सभी विभागों के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। यह कार्यक्रम नए छात्रों के लिए एक यादगार एवं प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।