पत्रकार को घर के बाहर पिस्टल लहराकर जान से मारने की धमकी, CCTV में कैद हुई वारदात

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 1 जनवरी 2026: राजधानी रांची में अपराधियों के बेखौफ होकर वारदात करने का एक और मामला सामने आया है। हिंदुस्तान अखबार के नामकुम संवाददाता और वरिष्ठ पत्रकार सुरजमणि सिंह के घर के बाहर 31 दिसंबर की देर रात दो नशे में धुत अपराधी पहुंचे। उन्होंने पिस्टल लहराते हुए गाली-गलौज की और पत्रकार को जान से मारने की खुलेआम धमकी दी। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि दो व्यक्ति हाथ में पिस्टल लिए आक्रोशित होकर धमकी देते नजर आ रहे हैं। यह घटना नामकुम थाना क्षेत्र की है। पत्रकार सुरजमणि सिंह ने इसकी शिकायत पुलिस से की है, लेकिन अभी तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

पत्रकारों के एक वर्ग ने इस घटना की कड़ी निंदा की है और रांची पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। यह मामला प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाता है। झारखंड में पिछले कुछ समय से अपराधियों द्वारा बेखौफ होकर ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं, जिससे आमजन और मीडिया कर्मियों में भय का माहौल है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान की जा रही है। उम्मीद की जाती है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।