रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रांची, 1 जनवरी 2026: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नव वर्ष 2026 के अवसर पर राज्यवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा अपने संदेश में उन्होंने कहा कि नव वर्ष 2026 केवल कैलेंडर का बदलाव नहीं, बल्कि वीर पुरखों के सपनों वाले ‘सोना झारखंड’ के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2025 में दिवंगत हुए झारखंड आंदोलन के प्रणेता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और अन्य महान आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वे आज प्रकृति की गोद से राज्य को आशीर्वाद दे रहे हैं।
हेमंत सोरेन ने अपने संदेश में आगे कहा, “युवा झारखंड का लक्ष्य स्पष्ट है- 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण। अबुआ सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ेगी। विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यही हमारी प्रतिबद्धता है।”
उन्होंने सभी राज्यवासियों के लिए सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की।
इसके अलावा, नव वर्ष के पहले दिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खरसावां पहुंचे और वहां गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।