माण्डू, 9 सितंबर 2025: माण्डू प्रखंड के केदला दक्षिणी पंचायत स्थित राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय केदला 9 नं. में कक्षा आठवीं के छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पांच मेधावी बच्चों को साइकिल प्रदान की गई, ताकि वे अपनी पढ़ाई को और बेहतर तरीके से जारी रख सकें।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष नरेश हांसदा, पंचायत की मुखिया अनिता देवी, प्रधानाध्यापक गुलाम रब्बानी, स्कूल प्रबंधक समिति की अध्यक्ष शांति देवी, संयोजिका अनिता देवी, शिक्षक सीताराम महतो, शिक्षिका तरनुम आरा और कई अभिभावक उपस्थित थे।
वक्ताओं ने बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है। साइकिल वितरण का उद्देश्य बच्चों को स्कूल आने-जाने में सुविधा प्रदान करना और उनकी शैक्षिक यात्रा को आसान बनाना है। इस पहल को उपस्थित सभी लोगों ने सराहा और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।