रांची: नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने निगम सभागार में प्रवर्तन टीम के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों का जायजा लिया और चल रहे कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया। शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और अतिक्रमण-मुक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
प्रशासक ने शहर को जाम और अवैध कब्जों से मुक्त करने के लिए तीव्र अभियान चलाने का आदेश दिया। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर अवैध निर्माण और कब्जों को तत्काल हटाने पर जोर दिया गया। साथ ही, सड़कों या खुले स्थानों पर कचरा और निर्माण मलबा (C&D वेस्ट) फेंकने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी दुकानदारों को दो कचरापात्र रखना अनिवार्य किया गया, अन्यथा जुर्माना लगेगा।
तालाबों और जलाशयों की सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए, प्रशासक ने कचरा डालने या गंदगी फैलाने वालों पर चालान और सख्त कार्रवाई की बात कही। नगर निगम के कार्यों में बाधा डालने वालों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कदम उठाने का निर्देश भी दिया गया।
छठ महापर्व को ध्यान में रखते हुए, तालाबों के आसपास रात्रि गश्त और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का आदेश दिया गया। अतिक्रमण हटाने का अभियान छठ तक जारी रहेगा और इसके बाद स्वच्छता व यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर रहेगा। बैठक में उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।