मिस वर्ल्ड 2025: नंदिनी गुप्ता की टॉप 2 में नहीं हुई एंट्री, टूटा भारत का ताज जीतने का सपना

Spread the News

हैदराबाद में आयोजित 72वें मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता के भव्य फिनाले में भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। कोटा, राजस्थान की नंदिनी गुप्ता जो भारत का प्रतिनिधित्व कर रही थीं, वे अंतिम दो प्रतिभागियों में जगह नहीं बना सकीं। इससे भारत के लिए एक बार फिर मिस वर्ल्ड का ताज जीतने का सपना अधूरा रह गया।

कल्चरल परफॉर्मेंस से बटोरी तारीफें

नंदिनी ने मशहूर डिजाइनर अर्चना कोचर के परिधान में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुति दी, जिसमें उन्होंने पारंपरिक पंजाबी गिद्दा नृत्य किया। साथ ही उन्होंने गंगा नदी से प्रेरित खूबसूरत गाउन में रैंप वॉक भी किया, जिसे वियतनाम के डिजाइनर ट्रूयेन ने डिजाइन किया था। उनके इस लुक को मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन के सोशल मीडिया पेज पर भी जगह मिली।

क्वार्टर फाइनल से टॉप 5 तक का सफर

नंदिनी ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले टॉप 40 और फिर टॉप 5 में अपनी जगह बनाई। हालांकि वे अंतिम दो प्रतिभागियों में नहीं पहुंच सकीं। इस साल 108 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से फाइनल मुकाबला आज हैदराबाद में आयोजित किया गया।

कौन हैं नंदिनी गुप्ता?

नंदिनी गुप्ता ने 2023 में फेमिना मिस इंडिया का खिताब 19 साल की उम्र में जीता था। इससे पहले वे फेमिना मिस राजस्थान रह चुकी हैं। अब 21 वर्ष की उम्र में उन्होंने मिस वर्ल्ड जैसे प्रतिष्ठित मंच पर देश का प्रतिनिधित्व किया। उनके आत्मविश्वास और अंदाज़ ने दर्शकों और जजों का ध्यान खींचा।

भारत और वेनेजुएला की टक्कर

भारत और वेनेजुएला दोनों ने अब तक छह-छह बार मिस वर्ल्ड का खिताब जीता है, जिससे दोनों देशों की इस प्रतियोगिता में बराबरी की टक्कर रही। भारत की ओर से अब तक रीता फारिया (1966), ऐश्वर्या राय (1994), डायना हेडन (1997), युक्ता मुखी (1999), प्रियंका चोपड़ा (2000) और मानुषी छिल्लर (2017) मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर चुकी हैं।

विजेता को मिलेगा मोटा इनाम

मिस वर्ल्ड 2025 की विजेता को मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन और उसके साझेदारों की ओर से 1 मिलियन डॉलर यानी करीब 8.5 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

हजारों दर्शकों की मौजूदगी में हुए इस भव्य आयोजन में भले ही भारत को जीत नहीं मिली, लेकिन नंदिनी गुप्ता ने अपने प्रदर्शन से देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।