झारखंड के मौसम का मिजाज आज से बदल सकता है। 8, 9 और 10 दिसंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना जताई गई है। राज्य के कई जिलों में मेघ गर्जन भी हो सकता है। 8 और 9 दिसंबर को हल्की बारिश हो सकती है।
8 दिसंबर को सबसे अधिक असर राज्य के पश्चिमी और मध्य हिस्से में हो सकता है। मेघ गर्जन और वज्रपात भी हो सकती है। 9 दिसंबर को राज्य के उत्तर-पश्चिम हिस्से को छोड़कर शेष हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र रांची के निर्देशक अभिषेक आनंद के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ से साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है। यह बंगाल की खाड़ी से नमी लेकर आ रहा है। इससे दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट आ सकती है। न्यूनतम तापमान चढ़ा सकता है। 10 दिसंबर को भी राज्य के संथाल परगना और अन्य हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।
बीते 24 घंटे के मौसम के आंकड़े बताते हैं कि राज्य में सबसे अधिक ठंड गढ़वा जिले में रही। वहां का न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। राजधानी का न्यूनतम तापमान भी शनिवार को 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस रहा।