सीबीएसई 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा में बदल सकता है मूल्यांकन का तरीका, रटने के बजाय समझ और कौशल पर रहेगा जोर

Spread the News

नई दिल्ली, 24 नवंबर: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में मूल्यांकन प्रणाली में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। प्रस्तावित बदलावों के तहत अब विद्यार्थियों की केवल किताबी जानकारी और याददाश्त के आधार पर परीक्षा लेने के बजाय उनकी विषयों की समझ, तार्किक क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और व्यावहारिक ज्ञान को अधिक महत्व देने पर विचार किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को रटकर परीक्षा पास करने की प्रवृत्ति से बाहर निकालना और उन्हें विषयों की वास्तविक समझ विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह बदलाव राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 के उद्देश्यों के अनुरूप बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सीबीएसई ने मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की क्षमता के अनुरूप बनाने के संबंध में एक सर्कुलर जारी किया है। इस प्रस्तावित नीति पर देशभर के स्कूल प्राचार्यों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी। इसके लिए जम्मू में 17 और 18 दिसंबर को सीबीएसई का 32वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। सम्मेलन की थीम ‘असेसमेंट: ग्लोबली ओरिएंटेड, फ्यूचर रेडी लर्नर्स’ रखी गई है।

प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने पर विद्यार्थियों को ऐसे सवालों का सामना करना पड़ सकता है, जिनमें केवल परिभाषाएं या पाठ्यपुस्तक के उत्तर याद करना पर्याप्त नहीं होगा। उदाहरण के तौर पर विज्ञान में किसी सिद्धांत को रोजमर्रा के जीवन में किस प्रकार इस्तेमाल किया जाता है, इस पर सवाल पूछे जा सकते हैं। वहीं गणित में केवल सूत्र याद रखने के बजाय उनका सही परिस्थितियों में इस्तेमाल करने की क्षमता पर जोर दिया जा सकता है।

इसके अलावा विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, समस्या समाधान, स्वतंत्र सोच और सीखी गई बातों को वास्तविक परिस्थितियों में लागू करने की योग्यता का आकलन भी महत्वपूर्ण हो सकता है।

हालांकि, सीबीएसई ने अभी तक बोर्ड परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के मौजूदा पैटर्न में तत्काल बदलाव की घोषणा नहीं की है। मूल्यांकन प्रणाली में प्रस्तावित सुधारों पर चर्चा होनी है और इन्हें लागू करने की समय-सीमा भी स्पष्ट नहीं की गई है। ऐसे में 10वीं और 12वीं की आगामी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को फिलहाल मौजूदा पाठ्यक्रम और परीक्षा पैटर्न के अनुसार ही तैयारी जारी रखनी चाहिए।

शिक्षा क्षेत्र में इस पहल को रटंत शिक्षा से आगे बढ़कर समझ आधारित और कौशल-केंद्रित पढ़ाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।