604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में होगी पूरी, सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी ट्रेन
नई दिल्ली/अयोध्या, 24 नवंबर: भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। अयोध्या धाम और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली नई साप्ताहिक रेल सेवा ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ का सोमवार को शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या में मौजूद रहे।
रेलवे के अनुसार, इस ट्रेन का नियमित व्यावसायिक परिचालन 28 नवंबर 2026 से शुरू होगा। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे। यह रेल सेवा भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर धाम को सीधे रेल मार्ग से जोड़ेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या कैंट से चलकर मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव 10 प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित किया गया है।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर मंगलवार को जनकपुर धाम पहुंचेगी। वापसी में यह प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से प्रस्थान कर रविवार सुबह अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
17 कोच वाली इस ट्रेन के शुरू होने से भारत और नेपाल के यात्रियों, श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।