24 नवंबर से झारखंड में साफ होगा मौसम, सुबह कोहरा और रात में बढ़ेगी ठंड

Spread the News

बारिश का दौर थमने के बाद आसमान रहेगा साफ, तापमान में गिरावट के आसार

रांची,23 नवंबर: झारखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी बारिश और बादलों का असर अब धीरे-धीरे कम होने वाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 नवंबर से राज्य में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, 24 से 26 नवंबर तक सुबह के वक्त कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इसके बाद दिन में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। मौसम में बदलाव के साथ सुबह और रात के तापमान में गिरावट आने से ठंड का एहसास बढ़ सकता है।

पिछले दिनों राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई थी। कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, रांची समेत कई जिलों में भी बारिश हुई। अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम में बदलाव को देखते हुए सुबह और देर रात घर से निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर कोहरे के दौरान वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने और सतर्क रहने की जरूरत है।