रामगढ़ में स्वास्थ्य मेले में उमड़ी भीड़, 750 लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ

Spread the News

राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित मेले का विधायक ममता देवी ने किया उद्घाटन, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी परामर्श सेवा

रामगढ़,23 नवंबर: झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के तहत जिला स्वास्थ्य समिति, रामगढ़ की ओर से सोमवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में लगभग 750 लोगों ने पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम लोगों तक ‘सही स्वास्थ्य, सुखी परिवार’ का संदेश पहुंचाने के साथ उन्हें सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना था।

स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज से ही राज्य और देश का समग्र विकास संभव है। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए उन्होंने लोगों से सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य योजनाओं एवं निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीमारियों से बचाव के लिए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए और समय-समय पर अपनी जांच करानी चाहिए।

मेले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए थे। यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क परामर्श दिया। जरूरतमंदों के बीच आवश्यक दवाओं का भी वितरण किया गया।

मेले में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को टीकाकरण की सुविधा और इससे संबंधित जानकारी दी गई। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया। वहीं, परिवार नियोजन से संबंधित जानकारी और सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इसके अलावा गैर-संचारी रोग (एनसीडी) नियंत्रण कार्यक्रम के तहत लोगों की ब्लड प्रेशर, मधुमेह समेत अन्य बीमारियों की स्क्रीनिंग की गई। स्वास्थ्य मेले के माध्यम से लोगों को बीमारियों की समय पर पहचान, बचाव और बेहतर स्वास्थ्य जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।