युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने को लेकर निबंध व क्विज प्रतियोगिता आयोजित

Spread the News

रामगढ़,19 नवंबर: समाहरणालय स्थित टाउन हॉल में युवा मतदाताओं के बीच लोकतांत्रिक जागरूकता बढ़ाने और चुनावी प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र के महत्व, मतदान के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। विद्यार्थियों ने निबंध लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा एवं ज्ञान का प्रदर्शन किया।

निबंध प्रतियोगिता में शुद्ध मतदाता सूची का महत्व और मतदान के महत्व जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची निर्माण, ईवीएम, वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया एवं मतगणना से संबंधित सवाल पूछे गए।

प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामगढ़ श्री ऋतुराज एवं अन्य पदाधिकारियों ने सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

यह आयोजन भारत निर्वाचन आयोग के SVEEP (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियान का हिस्सा है। इसका उद्देश्य युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना तथा लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।