रामगढ़ में होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न, अंतिम दिन 647 महिला अभ्यर्थी हुईं शामिल

Spread the News

पतरातू प्रखंड की महिलाओं ने लिया परीक्षा में भाग, 920 अभ्यर्थियों में 273 रहीं अनुपस्थित

रामगढ़, 07 नवंबर: रामगढ़ जिले में होमगार्ड बहाली के तहत आयोजित शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शुक्रवार को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा के साथ संपन्न हो गई। सिद्धू-कान्हू मैदान में आयोजित परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।

अंतिम दिन पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 920 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था। इनमें से 647 अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि 273 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहीं।

परीक्षा के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई। परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई थी। वहीं, केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया था।

जिले में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अलग-अलग तिथियों पर परीक्षा आयोजित की गई। पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा के साथ ही जिले में होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा का समापन हो गया। जिला प्रशासन ने परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं कर्मियों के प्रति आभार जताया।