प्रत्येक महिला को मिले 2,500 रुपये, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत अक्टूबर माह की राशि का भुगतान
रांची, 07 नवंबर: धनतेरस एवं दीपावली के पावन अवसर पर झारखंड सरकार ने राज्य की महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 94 हजार 7 लाभुक महिलाओं के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 माह की सम्मान राशि हस्तांतरित कर दी गई है। योजना के तहत प्रत्येक लाभुक महिला को 2,500 रुपये की दर से कुल 98 करोड़ 50 लाख 17 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया है।
यह राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में भेजी गई है। त्योहार से ठीक पहले राशि मिलने से महिलाओं को घरेलू जरूरतों, खरीदारी और परिवार के अन्य खर्चों को पूरा करने में आर्थिक मदद मिलेगी।
जिले में प्रखंडवार आंकड़ों के अनुसार कांके प्रखंड में सबसे अधिक 31,502 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। वहीं टाउन अर्बन क्षेत्र में 25,891, मांडर में 22,933, सिल्ली में 21,282 और बेड़ो में 20,562 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है। इसके अलावा रातू, चान्हो, तमाड़, नगड़ी, ओरमांझी, बुढ़मू, नामकुम और अनगड़ा समेत जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला है।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और परिवार की आर्थिक जरूरतों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने योजना को महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।