मुर्रामकलां में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट निर्माण की तैयारी पूरी, 31 मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य

Spread the News

42 हजार मीट्रिक टन से अधिक पुराने कचरे को हटाकर स्थल किया गया तैयार, उपायुक्त ऋतुराज ने निर्माण कार्य में तेजी लाने का दिया निर्देश

रामगढ़, 04 नवंबर: रामगढ़ शहर को कचरा मुक्त बनाने और ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। उपायुक्त ऋतुराज ने मंगलवार को रामगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के मुर्रामकलां स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रस्तावित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोसेसिंग प्लांट स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व उपायुक्त ने प्रस्तावित प्लांट स्थल पर जमा लगभग 42 हजार मीट्रिक टन से अधिक पुराने कचरे को हटाने का निर्देश दिया था। लगातार बारिश के कारण कचरा हटाने का काम चुनौतीपूर्ण हो गया था। इसके बावजूद उपायुक्त ने नियमित निगरानी करते हुए पिछले दो महीनों में तीन बार स्थल का निरीक्षण किया। प्रशासनिक प्रयासों के परिणामस्वरूप अब प्लांट निर्माण के लिए स्थल तैयार कर लिया गया है।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने निर्माण एजेंसी को प्लांट निर्माण की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्लांट के निर्माण के साथ ही बाउंड्री वॉल का काम भी समानांतर रूप से कराया जाए। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने प्लांट से संबंधित सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण हर हाल में 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया, ताकि शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निष्पादन शुरू हो सके।

उपायुक्त ने नगर परिषद रामगढ़ एवं रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों को प्लांट निर्माण पूरा होने तक प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले कचरे के समुचित प्रबंधन का निर्देश दिया। उन्होंने उपलब्ध मशीनरी और संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए कचरे की व्यवस्थित डंपिंग एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा।

वहीं, पहले से जमा पुराने कचरे के निष्पादन को लेकर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि इसके लिए विस्तृत डीपीआर तैयार कराई जाएगी। विभागीय स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार पुराने कचरे का निष्पादन किया जाएगा।

इस दौरान बाउंड्री वॉल निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि रामगढ़ में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की स्थायी व्यवस्था विकसित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ समय पर कार्य पूरा करें।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता कुमारी, उपाध्यक्ष रंधीर कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन, सिटी मैनेजर राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी, रामगढ़ कैंटोनमेंट बोर्ड के प्रतिनिधि, संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि प्रमोद कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।