रामगढ़ सदर अस्पताल में सप्ताह में दो दिन मिलेगी न्यूरो सर्जरी ओपीडी की सुविधा, जल्द शुरू होगी हृदय रोग चिकित्सा सेवा

Spread the News

सोमवार और शुक्रवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन करेंगे मरीजों का इलाज

रामगढ़, 03 नवंबर: जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब सदर अस्पताल, रामगढ़ में प्रत्येक सप्ताह सोमवार और शुक्रवार को न्यूरो सर्जरी ओपीडी का संचालन किया जाएगा। यहां मरीजों को विशेषज्ञ न्यूरो सर्जन से परामर्श की सुविधा मिलेगी। ओपीडी का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है।

इस संबंध में 2 नवंबर 2026 को सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया। इस प्रस्ताव को उपायुक्त ऋतुराज की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इस पहल का उद्देश्य जिले के मरीजों को न्यूरो संबंधी बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का चक्कर लगाने से राहत देना तथा समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।

सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में जल्द ही कार्डियोलॉजी यानी हृदय रोग चिकित्सा सेवा भी शुरू करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए उच्च स्तर पर बातचीत और आवश्यक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। सेवा शुरू होने से हृदय रोग से पीड़ित मरीजों को भी जिले में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।