जैक बोर्ड परीक्षा 2027: मैट्रिक और इंटर के फॉर्म 12 नवंबर से, 26 तक बिना विलंब शुल्क मिलेगा मौका

Spread the News

27 नवंबर से विलंब शुल्क के साथ भरे जाएंगे आवेदन, परीक्षा शुल्क जमा करने के लिए अलग से निर्धारित की गई तिथि

रांची, 03 नवंबर: झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 2027 की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। झारखंड अधिविद्य परिषद ने वर्ष 2027 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि घोषित कर दी है। जैक की ओर से जारी विज्ञप्ति संख्या 69/2026 के अनुसार, परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 से शुरू होगी। विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन जमा कर सकेंगे।

इसके बाद 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भरने का अवसर दिया जाएगा। यह कार्यक्रम मैट्रिक और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं के लिए लागू होगा।

जैक की ओर से आवेदन जमा करने और परीक्षा शुल्क भुगतान के लिए अलग-अलग तिथियां निर्धारित की गई हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 30 नवंबर 2026 रखी गई है। वहीं, विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को 7 दिसंबर 2026 तक परीक्षा शुल्क जमा करना होगा। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी।

मैट्रिक और इंटर के नियमित विद्यार्थियों के परीक्षा फॉर्म संबंधित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के माध्यम से भरे जाएंगे। जैक ने शैक्षणिक संस्थानों को विद्यार्थियों की पंजीयन संख्या और अन्य विवरणों का मिलान करने का निर्देश दिया है, ताकि आवेदन में किसी तरह की त्रुटि न हो। परिषद ने परीक्षा फॉर्म से संबंधित आवश्यक प्रपत्र और दिशा-निर्देश अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं।

जैक ने विद्यार्थियों और संबंधित शिक्षण संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करने की सलाह दी है। विद्यार्थियों को अपने पंजीयन संबंधी विवरणों की जांच कर समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। अंतिम दिनों में ऑनलाइन आवेदन के दौरान होने वाली तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए पहले ही फॉर्म भरने की तैयारी करने को कहा गया है।