दस साल के लंबे इंतजार के बाद आज होगी JTET-2026 की परीक्षा, 5.65 लाख अभ्यर्थी आजमाएंगे अपनी किस्मत

Spread the News

राज्य के 24 जिलों में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्र, सीसीटीवी की निगरानी में होगी परीक्षा; कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

रांची, 01 नवंबर: करीब दस साल के लंबे इंतजार के बाद झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा- 2026 का आयोजन आज रविवार, 1 नवंबर को राज्यभर में किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ-साथ लंबे समय से चली आ रही प्रतीक्षा समाप्त होने की उम्मीद है। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 986 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उपलब्ध ताजा रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा में कुल 5,65,048 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) के लिए 1,95,935 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) के लिए 3,69,113 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी।

परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी 986 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है। केंद्रों पर पुलिस बल, दंडाधिकारी और पर्याप्त वीक्षकों की तैनाती की जाएगी। प्रश्नपत्रों एवं ओएमआर शीट के सुरक्षित परिवहन और वितरण को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।

मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने सभी जिलों के उपायुक्तों एवं पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

जैक की ओर से अभ्यर्थियों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक सक्रिय रहेगा। किसी भी प्रकार की जानकारी या समस्या के लिए अभ्यर्थी 7485093436, 7485093437 और 7485093440 पर संपर्क कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र के लिए रवाना होने से पहले प्रवेश पत्र पर अंकित केंद्र का नाम, पता और परीक्षा की पाली की अच्छी तरह जांच कर लें तथा निर्धारित समय से पहले केंद्र पहुंचें। लंबे अंतराल के बाद आयोजित हो रही यह परीक्षा झारखंड में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।