रामगढ़,27 सितंबर: रामगढ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला अधिवक्ता संघ के प्रस्तावित जी+3 बहुमंजिला भवन का शनिवार को भव्य समारोह के बीच शिलान्यास किया गया। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह रामगढ़ जिले के जोनल जज दीपक रोशन ने विधिवत शिलापट्ट का अनावरण कर भवन की आधारशिला रखी। समारोह में उनकी धर्मपत्नी सारिका भूषण भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफीकुल हसन, उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव आनंद तथा अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम विशाल श्रीवास्तव समेत न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति दीपक रोशन ने कहा कि अधिवक्ता एक सशक्त एवं जीवंत न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आम लोगों को सुगम, त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत राहत दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण और आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित जी+3 भवन से अधिवक्ताओं को बैठने, अध्ययन करने और न्यायिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही इससे जिले में न्यायिक आधारभूत संरचना को भी मजबूती मिलेगी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफीकुल हसन ने पीठ और बार के बीच बेहतर समन्वय को न्याय प्रक्रिया के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता आपसी सामंजस्य के साथ कार्य करें तो आम लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने में मदद मिलेगी। उन्होंने भवन के शिलान्यास पर अधिवक्ताओं को बधाई दी।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन न्यायपालिका के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। अधिवक्ता समाज और न्यायालय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नए भवन के निर्माण से स्थानीय अधिवक्ताओं के साथ दूर-दराज से आने वाले वकीलों एवं फरियादियों को भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने भवन निर्माण में आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह में जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।