रांची,25 सितंबर: झारखंड सरकार ने आज की प्रस्तावित मंत्रिपरिषद की बैठक स्थगित कर दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में होने वाली यह बैठक ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह के सड़क हादसे में निधन के बाद स्थगित की गई है। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की ओर से बैठक स्थगित किए जाने की सूचना जारी की गई है।
तृषा सिंह की जमशेदपुर में हुए सड़क हादसे में मौत हुई। सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार कार के सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराने की घटना में तृषा समेत चार लोगों की मौत हुई। घटना के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
तृषा सिंह के निधन से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार सहित राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक का माहौल है। इसी परिस्थितियों को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर 25 सितंबर की कैबिनेट बैठक को स्थगित किया गया। बैठक की अगली तारीख बाद में तय की जाएगी।
बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा होनी थी। फिलहाल बैठक स्थगित किए जाने के बाद नई तारीख की घोषणा का इंतजार है।