लगातार बारिश से बढ़ा जलस्तर, डैम और जलस्रोतों से दूर रहने की अपील

Spread the News

रामगढ़, 25 सितंबर: जिले और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजनों और पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण पतरातू डैम, भैरवा जलाशय समेत विभिन्न जलाशयों, नदियों-नालों और अन्य जलस्रोतों में जलस्तर एवं जलप्रवाह बढ़ रहा है। मौसम की स्थिति को देखते हुए अचानक जलप्रवाह बढ़ने की आशंका भी बनी हुई है।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे डैम, जलाशय, गहरे तालाब, नदी, प्राकृतिक जलस्रोत और जलभराव वाले स्थानों के समीप अनावश्यक रूप से न जाएं। जलप्रवाह कम या सामान्य दिखाई देने पर भी किसी तरह का जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा कि सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सावधानी बरतना जरूरी है।

प्रशासन ने विशेष रूप से अभिभावकों से बच्चों को डैम, नदी, तालाब और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से रोकने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, बारिश के दौरान जलस्रोतों का जलस्तर और प्रवाह अचानक बढ़ सकता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

वहीं, सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील जलस्रोतों एवं क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए स्वयं तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।