मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह पंचतत्व में विलीन, पिता रत्नेश सिंह ने दी मुखाग्नि

Spread the News

रांची, 25 सितंबर: झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का गुरुवार को रांची के सीठियो श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। पिता रत्नेश सिंह ने तृषा को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी। इस दौरान श्मशान घाट पर मौजूद परिजन, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में शुभचिंतकों की आंखें नम रहीं।

तृषा सिंह की अंतिम यात्रा मंत्री आवास से निकली। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि देने पहुंचे। बेटी के पार्थिव शरीर को अंतिम विदाई देते समय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और परिवार के अन्य सदस्य बेहद भावुक नजर आए।

तृषा सिंह का गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी मरीन ड्राइव में हुए भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया था। पुलिस के अनुसार, जिस कार में तृषा समेत चार लोग सवार थे, वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। हादसे में तृषा सिंह के अलावा सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हुई।

हादसे के बाद चारों शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से गैस कटर की मदद से निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तृषा का पार्थिव शरीर रांची लाया गया, जहां अंतिम दर्शन के बाद सीठियो श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।

तृषा के निधन की खबर से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधियों ने मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

अंतिम विदाई के इस मार्मिक दृश्य ने हर किसी को भावुक कर दिया। असमय बेटी को खोने वाले परिवार के दुख में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और तृषा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।