चुट्टूपालू घाटी में लगेगा नया मोबाइल टावर, डीसी ने जियो टीम को स्थल सर्वे का दिया निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 17 सितंबर: चुट्टूपालू घाटी में नेटवर्क कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को घाटी क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और नेटवर्क व्यवस्था का जायजा लिया।

उपायुक्त ने पाया कि घाटी क्षेत्र में मोबाइल टावर नहीं होने के कारण नेटवर्क सेवा बाधित रहती है। इससे दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस, पुलिस और राहत-बचाव दल को समय पर सूचना पहुंचाने में परेशानी होती है। इसे देखते हुए उपायुक्त ने जियो की तकनीकी टीम को घाटी क्षेत्र में नया मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थल का सर्वे करने का निर्देश दिया।

उन्होंने तकनीकी टीम से स्थल सर्वे के बाद विस्तृत प्रस्ताव जल्द जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा, ताकि टावर लगाने की प्रक्रिया बिना विलंब आगे बढ़ाई जा सके। निरीक्षण के दौरान नेटवर्क कनेक्टिविटी के साथ-साथ दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान और सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य उपायों पर भी चर्चा की गई।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, डीपीओ यूआईडी आरती पंकज, अंचल अधिकारी रामगढ़, जियो की तकनीकी टीम सहित जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।