मांडू में विकास योजनाओं का डीसी ने लिया जायजा, जोड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण और सड़क मरम्मत में तेजी के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 17 सितंबर: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने बुधवार को मांडू क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने मांडू स्थित जोड़ा तालाब का निरीक्षण कर इसके कायाकल्प एवं सौंदर्यीकरण की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने तालाब परिसर में अत्याधुनिक लाइटिंग की व्यवस्था, हरित पट्टी विकसित करने, पैदल पथ निर्माण तथा जल की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब के सौंदर्यीकरण के साथ इसकी स्वच्छता और उपयोगिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके बाद उपायुक्त ने नया मोड़ से गिद्दी हीरक रोड का निरीक्षण किया और सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित समन्वयकारी एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र शुरू कराने का निर्देश दिया।

रेमरा, मांडू में प्रस्तावित डिग्री कॉलेज के लिए चिन्हित भूमि का भी उपायुक्त ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने भूमि हस्तांतरण समेत निर्माण से संबंधित प्रक्रियात्मक अड़चनों को दूर कर कार्य में तेजी लाने को कहा। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में प्रस्तावित अन्य महत्वाकांक्षी योजनाओं के लिए चिन्हित स्थलों का भी भौतिक सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी, गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी तृप्ति विजया कुजूर समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।