खेलो झारखंड में दिखी स्कूली खिलाड़ियों की प्रतिभा, छह मुकाबलों में विजेता बने ये विद्यालय

Spread the News

रामगढ़,16 सितंबर: सिदो-कान्हू मैदान में मंगलवार को दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रखंडों के विद्यालयों से पहुंचे खिलाड़ियों ने खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि रामगढ़ विधायक ममता देवी और मांडू विधायक निर्मल महतो मौजूद रहे। सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील, जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी और 20 सूत्री अध्यक्ष सुधीर मंगलेश विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अतिथियों का स्वागत पौधा भेंट कर किया गया। इसके बाद संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।

पहले दिन अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग में खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल के मुकाबले हुए। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में एसएन उच्च विद्यालय बरकाकाना विजेता और पीएम श्री उच्च विद्यालय बरियातू उपविजेता रहा। बालक वर्ग में जनता प्लस टू उच्च विद्यालय चैनपुर ने पहला और एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय गोला ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

कबड्डी बालक वर्ग में आरबी प्लस टू उच्च विद्यालय सांडी विजेता तथा उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चटाक उपविजेता रहा। बालिका वर्ग में झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय दुलमी विजेता और केबी प्लस टू उच्च विद्यालय लारी उपविजेता बना।

खो-खो बालक वर्ग में उत्क्रमित उच्च विद्यालय सीऊर ने बाजी मारी, जबकि उत्क्रमित उच्च विद्यालय चाड़ी हिंदी दूसरे स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में भी उत्क्रमित उच्च विद्यालय सीऊर विजेता और पीएम श्री उच्च विद्यालय कूल्ही उपविजेता रहा।

विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। मौके पर एडीपीओ अनूप माइकल केरकेट्टा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज सहित शारीरिक शिक्षा शिक्षक मौजूद थे।