इंजीनियरिंग में गुणवत्ता और दूरदृष्टि जरूरी, ऐसी संरचनाएं बनें जो 100 साल बाद भी याद रहें : दीपिका पांडेय सिंह

Spread the News

रांची, 16 सितंबर: झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ की ओर से मंगलवार को रांची में 59वें इंजीनियर्स डे एवं भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 165वीं जयंती के अवसर पर समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुईं।

मंत्री ने महान अभियंता एम. विश्वेश्वरैया को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। उनके कार्य, अनुशासन और दूरदृष्टि से आज भी प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इंजीनियर किसी भी राज्य के विकास की आधारशिला होते हैं। झारखंड में ऐसी संरचनाओं का निर्माण होना चाहिए, जो मजबूत, टिकाऊ और आम लोगों के लिए उपयोगी हों तथा जिनकी चर्चा 100 साल बाद भी हो।

उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक आपदाओं के लिहाज से अपेक्षाकृत सुरक्षित राज्य है। इसलिए यहां बनने वाली आधारभूत संरचनाओं में गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और योजनाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जानी चाहिए।

मंत्री ने इंजीनियरों से अनुशासन, तकनीकी दक्षता और समयबद्धता को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि डीपीआर तैयार करते समय तकनीकी पहलुओं का गंभीरता से अध्ययन किया जाए, ताकि बाद में बार-बार संशोधन की जरूरत न पड़े।

दीपिका पांडेय सिंह ने झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ की मांगों को जायज बताते हुए वाहन और तकनीकी प्रशिक्षण जैसी आवश्यकताओं के समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के इंजीनियरों में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उनकी विशेषज्ञता का बेहतर इस्तेमाल कर ऐसी विशिष्ट और गुणवत्तापूर्ण संरचनाएं तैयार की जा सकती हैं, जिन्हें देखने के लिए देशभर से लोग झारखंड आएं।

समारोह में इंजीनियरिंग क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले अभियंताओं एवं तकनीकी कर्मियों के योगदान को भी याद किया गया। कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद, मंत्री हफीजुल हसन, विभागीय सचिव, झारखंड अभियंत्रण सेवा संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अभियंता मौजूद रहे।

भारत में हर वर्ष 15 सितंबर को इंजीनियर्स डे सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है।