रामगढ़, 13 सितंबर: शनिवार को रामगढ़ जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बीते 19 वर्षों में रामगढ़ ने निरंतर मेहनत और विकास कार्यों के बल पर राज्य में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। विकास के विभिन्न मानकों पर जिले को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल हुआ है। प्रशासन इन उपलब्धियों को बरकरार रखते हुए विकास की गति को और तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, खेल तथा शहरी एवं ग्रामीण आधारभूत संरचना के विकास पर विशेष रूप से कार्य किया जा रहा है। जिले के प्रमुख धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों मां छिन्नमस्तिका मंदिर, टूटी झरना, पतरातू डैम और माया टुंगरी के आसपास विकास कार्यों को गति दी गई है। पतरातू डैम के सौंदर्यीकरण से यह क्षेत्र प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा है।
उन्होंने बताया कि जिले से गुजरने वाले दोनों प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों के आसपास सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के साथ राहगीरों और नागरिकों के लिए आवश्यक जनसुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कृषि और सिंचाई क्षेत्र पर जोर देते हुए उपायुक्त ने कहा कि गोला स्थित कृषि मंडी को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में कार्य जारी है। किसानों को आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराने के लिए कृषि मशीनरी बैंक स्थापित करने की योजना पर भी काम हो रहा है। पतरातू और गोला प्रखंड में भैरवा जलाशय के माध्यम से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षा, रोजगार और खेल के क्षेत्र में भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है। जिले में डिग्री कॉलेज के संचालन के साथ मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर पहल की जा रही है। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कंपनियों के सहयोग और CSR फंड से कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई बड़े खेल प्रोजेक्ट भी शुरू किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन के सभी कार्यालय नागरिकों की समस्याओं और सुझावों के लिए खुले हैं। लोग अधिकारियों से सीधे मिलकर अथवा ऑनलाइन फीडबैक मीटा ऐप के माध्यम से अपनी बात प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।
स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।