अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर

Spread the News

रामगढ़, 13 सितंबर: शनिवार को पुलिस रामगढ़ अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण एवं पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई तथा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपराध गोष्ठी में आगामी गणेश चतुर्थी, विश्वकर्मा पूजा एवं कर्मा पूजा को देखते हुए जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबित कांडों का यथाशीघ्र निष्पादन करने, वारंट एवं कुर्की का प्रभावी ढंग से निष्पादन करने तथा फरार अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई तेज करने को कहा गया।

बैठक में पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। संगठित आपराधिक गिरोहों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने, अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार छापामारी अभियान चलाने तथा अवैध उत्खनन पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा सीसीए प्रस्ताव, iRAD, CCTV अधिष्ठापन, डायल-112, प्रतिबिंब ऐप, CEIR पोर्टल तथा साइबर अपराध से संबंधित कांडों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।