रामगढ़, 13 सितंबर: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को उपायुक्त सभागार में नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में संचालित विकास, स्वच्छता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकारी एजेंसियों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में Legacy Waste के निष्पादन एवं शिफ्टिंग की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने इसका कार्य हर हाल में 30 सितंबर 2026 तक पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं 8 एकड़ भूमि की बाउंड्री के लिए Demarcation का कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा। संबंधित एजेंसी ने बताया कि बाउंड्री निर्माण का कार्य अगले 10 दिनों में शुरू कर दिया जाएगा।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने SBM के माध्यम से उपलब्ध सभी वाहनों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने को कहा। नगर परिषद के सभी कचरा संग्रहण एवं सफाई वाहनों के लिए Route Chart तैयार कर प्रतिदिन अपडेट करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी वार्डों में नियमित कचरा संग्रहण की निगरानी हो सके।
उपायुक्त ने दोनों सिटी मैनेजर एवं सिटी मिशन मैनेजर को आयुष्मान आरोग्य केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के अभिलेखों एवं पत्रावलियों की समय-समय पर जांच करने को कहा। उन्होंने योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने तथा बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।
इसके अलावा DMFT मद से उपलब्ध कराए गए 15 मजदूरों के माध्यम से पार्क, समाहरणालय परिसर सहित संबंधित क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। सुलभ शौचालयों की व्यवस्था और संचालन की भी समीक्षा हुई तथा संबंधित एजेंसी को अगली बैठक में अद्यतन जानकारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
Water Supply Scheme की समीक्षा के दौरान लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा विद्युत विभाग से संबंधित मामलों का संबंधित विभाग से समन्वय कर शीघ्र निष्पादन कराने को कहा गया। वहीं DMFT Phase-I के पूर्ण कार्यों और उद्घाटन की जानकारी लेते हुए भुगतान से संबंधित संचिका एवं प्रक्रियाओं को नियमानुसार शीघ्र आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। सभी योजनाओं की नियमित निगरानी करते हुए समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किए जाएं।