शिक्षक बनने की राह में 4.40 लाख अभ्यर्थी, JTET के लिए 1000 से ज्यादा परीक्षा केंद्र

Spread the News

रांची, 10 सितंबर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा में करीब 4.40 लाख अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए राज्यभर में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जा रहे हैं। जिला स्तर पर केंद्रों के चयन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और संबंधित रिपोर्ट झारखंड एकेडमिक काउंसिल को भेजी जा चुकी है।

परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सीसीटीवी कैमरे की सुविधा वाले स्कूल-कॉलेजों को ही परीक्षा केंद्र बनाने पर जोर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए सीसीटीवी व्यवस्था अनिवार्य रखी गई है।

आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों से परीक्षा केंद्र के लिए जिले की पसंद मांगी गई थी। अभ्यर्थियों को अपने गृह जिले को छोड़कर राज्य के किसी अन्य जिले में केंद्र चुनने का विकल्प दिया गया था। इसी आधार पर जिला स्तर पर केंद्रों का निर्धारण किया गया है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार JTET की परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित करने की तैयारी है। परीक्षा एक ही दिन दो पालियों में कराने की योजना है। पहली पाली में कक्षा 1 से 5 तथा दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 के लिए पात्रता परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि परीक्षा की अंतिम आधिकारिक घोषणा JAC की ओर से की जानी है।

करीब नौ साल के अंतराल के बाद होने जा रही इस परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह है। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण परीक्षा का सफल और व्यवस्थित आयोजन प्रशासन के लिए भी महत्वपूर्ण चुनौती माना जा रहा है।