भ्रामक दावे और मिस लेबलिंग वाले खाद्य उत्पादों पर रामगढ़ में छापेमारी

Spread the News

रेड बुल, स्टिंग एनर्जी ड्रिंक समेत कई उत्पाद दुकानों से हटाए गए

रामगढ़, 10 सितंबर: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा अपर मुख्य सचिव सह खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड के निर्देश पर अमानक, मिस लेबलिंग और भ्रामक दावे वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ रामगढ़ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया।

अभियान के तहत रामगढ़ कॉलेज गेट से ब्लॉक चौक तक विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इस दौरान एसके सुपर फैमिली मार्ट, कुशवाहा शॉप, श्रवण होटल, आरके ढाबा, महेश जनरल स्टोर, कुमार जनरल स्टोर और केक बास्केट का निरीक्षण किया गया।

जांच के दौरान मिस लेबलिंग और भ्रामक दावों से संबंधित पाए गए रेड बुल, स्टिंग एनर्जी ड्रिंक, किंडर जॉय और लोटे चोको पाई जैसे खाद्य उत्पादों को दुकानों से हटाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने संबंधित दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया कि ऐसे उत्पादों की बिक्री नहीं की जाए।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग और उत्पादों पर किए गए दावों को लेकर विशेष सावधानी बरतने को कहा। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डेरिक तिग्गा और खाद्य सुरक्षा कार्यालय के लुकेश रवानी मौजूद रहे।