रामगढ़, 09 सितंबर: चट्टी बाजार, रामगढ़ कैंट में रामगढ़ युवा संघ, समिति द्वारा 9 से 18 सितंबर तक 12वां भव्य गणेश पूजा महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए रूट में बदलाव किया है।
अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की के आदेश के अनुसार, 9 सितंबर को रात्रि 9 बजे से 10 सितंबर की रात 2 बजे तक तथा 12 सितंबर से 18 सितंबर तक प्रातः 6 बजे से रात्रि 2 बजे तक निर्धारित मार्ग पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा।
आदेश के तहत कोठार चौक से थाना चौक तथा थाना चौक से कोठार चौक के बीच किसी भी प्रकार के मालवाहक वाहन, ट्रक, टेंपो, भारी वाहन एवं सवारी गाड़ियों के आवागमन पर रोक रहेगी।
प्रशासन ने गणेश पूजा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की है, ताकि यातायात संचालन में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। प्रशासन ने लोगों से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
अन्य मार्गों के संबंध में पूर्व में जारी यातायात आदेश यथावत लागू रहेंगे।