रेलवे का बड़ा फैसला: 22 की जगह 24 कोच से चलेंगी प्रमुख ट्रेनें, कांवड़ यात्रियों के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम

Spread the News

नई दिल्ली 24 अगस्त: यात्रियों की बढ़ती भीड़ और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों की यात्री क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड ने सभी 17 जोन से गुजरने वाली मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में मौजूदा 22 कोच की जगह 24 कोच लगाने के संबंध में जानकारी मांगी थी। पूर्वोत्तर रेलवे में इस दिशा में तैयारियां शुरू हो गई हैं। गोरखपुर-एलटीटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में परीक्षण के तौर पर दो अतिरिक्त कोच लगाए भी गए हैं।

रेलवे के इस कदम से प्रमुख ट्रेनों में करीब दो कोच की क्षमता बढ़ेगी, जिससे अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। खासकर व्यस्त रूटों पर वेटिंग लिस्ट कम करने और यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ाने में इसका फायदा होगा। रेलवे पहले भी मांग के आधार पर ट्रेनों में स्थायी और अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ता रहा है।

रेल मंत्रालय के अनुसार मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सामान्य और गैर-वातानुकूलित स्लीपर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। रेलवे के मौजूदा आंकड़ों के मुताबिक करीब 78 प्रतिशत सीटें गैर-एसी श्रेणी में उपलब्ध हैं।

सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार, ऋषिकेश और अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। कांवड़ मेला-2026 के दौरान कई ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच जोड़े गए हैं। मुरादाबाद मंडल में आठ प्रमुख ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त जनरल कोच लगाने की व्यवस्था की गई थी।

इसके अलावा श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। योग नगरी ऋषिकेश-आलमनगर और आलमनगर-योग नगरी ऋषिकेश के बीच अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेन 30 जुलाई से 28 अगस्त तक प्रतिदिन चलाने की व्यवस्था की गई है। इस ट्रेन में 14 सामान्य श्रेणी के कोच और दो एसएलआर समेत कुल 16 कोच हैं।

रेलवे का कहना है कि यात्रियों की मांग और ट्रेनों की ऑक्यूपेंसी के आधार पर अतिरिक्त कोच तथा स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया जाता है। ऐसे में 24 कोच वाली ट्रेनों का विस्तार और विशेष ट्रेनों का संचालन भीड़भाड़ वाले रूटों पर यात्रियों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।