देवघर, 24 अगस्त: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के अंतिम चरण में बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। 22 अगस्त तक करीब 53.15 लाख श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर जलार्पण कर चुके हैं। वहीं, अंतिम सोमवारी को श्रद्धालुओं की संख्या में और तेजी से बढ़ोतरी होने की संभावना है।
जिला प्रशासन के अनुसार, 22 अगस्त तक 2,00,116 श्रद्धालुओं ने शीघ्र दर्शनम् सुविधा का लाभ लिया। प्रति कूपन 600 रुपये की दर से कुल 12.006 करोड़ रुपये की राशि बनी, जिसमें मंदिर प्रशासन के हिस्से के रूप में 7,20,41,760 रुपये की आय हुई है।
श्रावण की अंतिम सोमवारी को बड़ी संख्या में कांवरियों के देवघर पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम जलार्पण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मेला क्षेत्र में 597 मजिस्ट्रेट एवं पदाधिकारी और 6,763 पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा चार एसपी, सीआरपीएफ की तीन कंपनियां तथा एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं।
श्रद्धालुओं के लिए मेला क्षेत्र में 77 स्थानों पर आवासन व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य व्यवस्था के तहत 111 चिकित्सक, 470 पारा मेडिकल कर्मी, 16 सामान्य एंबुलेंस और 24-108 एंबुलेंस उपलब्ध हैं। प्रशासन के अनुसार, अब तक हजारों श्रद्धालुओं को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
बाबा बैद्यनाथधाम के साथ-साथ बासुकिनाथ धाम में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है। 22 अगस्त तक 24,78,402 कांवरियों ने बासुकिनाथ में जलार्पण किया है। अंतिम सोमवारी को दोनों धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराना प्राथमिकता है। भीड़ और यातायात व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वहीं, इस वर्ष हवाई परिक्रमा को मिले अच्छे रिस्पांस को देखते हुए अगले साल देवघर और बासुकिनाथ के लिए दो हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने का प्रयास किए जाने की बात भी प्रशासन ने कही है।