रामगढ़ के पावर प्लांट में टरबाइन ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत

Spread the News

बरकाकाना (रामगढ़), 22 अगस्त: झारखंड के रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड अंतर्गत बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात अचानक टरबाइन ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद भीषण आग भड़क उठी, जिसमें तीन इंजीनियरों की मौके पर ही मौत हो गई। एक कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गया है।

हादसे में जान गंवाने वालों में शिफ्ट इंचार्ज संजीव कुमार केसरी (50 वर्ष, रांची निवासी), इंजीनियर विनीत महतो (25 वर्ष, बोकारो के जगेश्वर बिहार निवासी) और अभिषेक पांडेय (24 वर्ष, गढ़वा निवासी) शामिल हैं। घायल कर्मचारी तरुण रजवार का इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नाइट शिफ्ट के दौरान पावर प्लांट के टरबाइन सेक्शन में ओवरस्पीड पैनल में अत्यधिक ओवरहीटिंग हो गई। सुरक्षा उपकरण फेल होने के बाद टरबाइन फट गया। ब्लास्ट के कारण टरबाइन का तेल बाहर फैल गया, जिससे भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने कंट्रोल रूम को भी अपनी चपेट में ले लिया।

फैक्ट्री के पावर प्लांट यूनिट इंचार्ज अनुराग त्रिपाठी ने प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि प्लांट में तापमान नियंत्रण के लिए कई बार एयर कंडीशनर लगाने की मांग की गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनके अनुसार, समय पर तापमान नियंत्रण व्यवस्था होती तो यह हादसा टाला जा सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ से कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस और फैक्टरी निरीक्षण विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। मुख्य फैक्टरी इंस्पेक्टर ने दो सदस्यीय जांच दल गठित कर दिया है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों और राजनीतिक दलों ने प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए मृतकों के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है। जिला प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने का आश्वासन दिया है।

यह हादसा औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण सामने आ सकेंगे।