रामगढ़, 22 अगस्त: रामगढ़ जिले के टायर मोड़ के समीप शनिवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दोपहिया वाहन और एक अज्ञात सिटी राइड बस के बीच टक्कर से हुआ। दोनों युवक बाइक से रामगढ़ शहर से रांची की ओर जा रहे थे, तभी रांची की तरफ से आ रही बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
दुर्घटना इतनी भयंकर थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। टक्कर के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने दोनों शवों को सड़क पर ही रख दिया है और मुआवजे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस कारण मौके पर सड़क जाम की स्थिति बन गई है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। रामगढ़-रांची मार्ग पर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है। अज्ञात बस और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, जबकि प्रशासन जाम हटाने और परिजनों को समझाने में जुटा हुआ है। अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक गाड़ियों का परिचालन सामान्य हो चुका है।