वन विभाग और पुलिस ने ग्रामीणों को किया सतर्क, हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील
रजरप्पा/रामगढ़, 18 अगस्त: रजरप्पा थाना क्षेत्र के बड़कीपोना गांव में सोमवार की अहले सुबह शावकों समेत करीब 15 जंगली हाथियों का झुंड घुस आने से अफरा-तफरी मच गयी। हाथियों के उत्पात के दौरान डाड़ीटुंगरी निवासी भानो देवी (50 वर्ष), पति फुलेश्वर महतो की कुचलकर मौत हो गयी। वह अपने खेत में कृषि कार्य कर रही थीं, इसी दौरान अचानक हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी।
घटना के बाद हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर बढ़ गया। इसके बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लोग अपने घरों की छतों पर चढ़ गये। बाद में हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज के समीप झाड़ियों से निकलकर लारी रोड होते हुए मायल स्टेशन की ओर बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस एवं वनकर्मी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। ग्रामीणों को हाथियों के झुंड से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी जा रही है। मुखिया अरविंद सिंह की ओर से भी लगातार माइक से ग्रामीणों को सतर्क किया गया। एहतियात के तौर पर बड़कीपोना के उत्क्रमित मध्य विद्यालय को भी बंद कराया गया।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के नजदीक जाकर उन्हें उकसाने या उनका वीडियो बनाने का प्रयास न करें। विशेषकर रात के समय जंगल, खेत और हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में अकेले नहीं जाने की सलाह दी गयी है।
वन विभाग के अनुसार रविवार रात खोखा क्षेत्र में मौजूद करीब 44 हाथियों का झुंड अलग-अलग हिस्सों में बंट गया। इनमें करीब 12-13 हाथियों का दल रामगढ़-बोकारो एनएच पार कर बड़कीपोना क्षेत्र में पहुंचा। विभाग की सूचना के अनुसार भुचुंगडीह में 32, बड़कीपोना में 13 और कोरांबे क्षेत्र में तीन हाथियों की मौजूदगी बतायी गयी है। इससे आसपास के गांवों में खतरा और बढ़ गया है।
रामगढ़ के गोला, रजरप्पा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से हाथियों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। पांच दिन पहले 13 अगस्त को भी गोला थाना क्षेत्र के कोरांबे गांव में हाथी के हमले में बालो देवी की मौत हो गयी थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।