रांची, 18 अगस्त: भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। संगठन में बड़े फेरबदल के तहत झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, आठ राष्ट्रीय महासचिव और 16 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं।
प्रदीप वर्मा की नियुक्ति को झारखंड भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रदेश संगठन में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिली है। उनकी नियुक्ति से झारखंड को भाजपा के केंद्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व मिला है।
नई टीम में कई चर्चित नेताओं को भी महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। पूर्व राजस्थान मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राम माधव, बैजयंत जय पांडा और तीरथ सिंह रावत समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। पंजाब के मनप्रीत सिंह बादल को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, सुनील बंसल, विनोद तावड़े, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी ने पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई टीम को बधाई देते हुए इसे संगठनात्मक अनुभव, ऊर्जा और जमीनी जुड़ाव का संयोजन बताया।