गोला (रामगढ़), 19 अगस्त: गोला वन क्षेत्र के हुप्पू पंचायत स्थित नया सिरका गांव में सोमवार की देर रात दो जंगली हाथी एक कुएं में गिर गए। हाथियों के कुएं में गिरने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, दोनों हाथी विचरण करते हुए गांव के पास पहुंचे थे। इसी दौरान वे मंसू महतो के कुएं में गिर गए। वन विभाग की टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद जेसीबी की मदद से कुएं के एक हिस्से में रास्ता तैयार किया, ताकि हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद दोनों हाथियों को कुएं से बाहर निकालने में सफलता मिली।
रेस्क्यू के बाद दोनों हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर रवाना कर दिया गया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए थे। वन विभाग की टीम ने लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनके झुंड के आसपास नहीं जाने की अपील की।
गौरतलब है कि रामगढ़ के गोला वन क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की आवाजाही बढ़ी हुई है। वन विभाग के अनुसार क्षेत्र में हाथियों के कारण ग्रामीण इलाकों में फसलों और घरों को नुकसान पहुंचने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्त की जा रही है।