रामगढ़, 16 अगस्त: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय में 15 अगस्त को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ पूरा विश्वविद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया।
समारोह में मुख्य अतिथि सुबोध कुमार मिश्रा, वीणा मिश्रा, संजीव कुमार, कुलाधिपति की धर्मपत्नी फूलमती देवी, विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, मीडिया प्रभारी डॉ. संजय सिंह, समाजसेवी सीपी संतन सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में एनसीसी कैडेट्स ने अतिथियों का भव्य स्वागत किया। विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। देशभक्ति के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने सीमा पर तैनात सैनिकों के साहस, शौर्य और पराक्रम को प्रदर्शित करती विशेष प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने स्वागत भाषण में स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने तेलुगु, तमिल, नागपुरी सहित कई भारतीय भाषाओं में नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देश की सांस्कृतिक विविधता और एकता का संदेश दिया।
कुलाधिपति बी.एन. साह ने अपने संबोधन में कहा कि दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही किसी संस्था को उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का आगामी संकल्प केवल शिक्षा के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक विद्यार्थी और समाज के स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना भी है। स्वस्थ युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रंजना पांडेय, डॉ. अमरेश पांडेय तथा विद्यार्थियों बीनिश रहमान, अतुल कुमार गुप्ता, कृतिका कुमारी एवं सिमरन कुमारी ने किया। कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। समारोह के पश्चात विश्वविद्यालय परिवार एवं उपस्थित अतिथियों के बीच मिष्ठान का वितरण किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह ने विश्वविद्यालय परिसर में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक विविधता की भावना को और मजबूत किया।