स्वच्छ रामगढ़–सुंदर रामगढ़ अभियान की शुरुआत, आठ वार्डों के लिए कचरा संग्रहण वाहनों को हरी झंडी

Spread the News

रामगढ़, 06 अगस्त: छावनी परिषद रामगढ़ ने बुधवार को “स्वच्छ रामगढ़–सुंदर रामगढ़” अभियान की औपचारिक शुरुआत की। नेताजी सुभाष चंद्र बोस क्रीड़ा स्थल में आयोजित जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम में लोगों ने स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बोर्ड अध्यक्ष सह ब्रिगेडियर साजेश बाबू पीजी, विधायक ममता देवी, सीईओ विवेक सिंह और सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

विधायक ममता देवी ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने की शुरुआत हर व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी। उन्होंने छावनी परिषद द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में की जा रही महत्वपूर्ण पहलों की सराहना की। सीईओ विवेक सिंह ने जनभागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि स्वच्छ और सुंदर रामगढ़ का निर्माण तभी संभव है जब नागरिक घर का कचरा खुले में न फेंकें और उसे कचरा संग्रहण वाहन में ही डालें।

समाजसेवी बसंत हेमतसरिया ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को स्वच्छ एवं सुंदर रामगढ़ देने के लिए सभी को आगे आना होगा।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई मित्र जीबू राम, गौतम राम और जमनी देवी को पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों को भी मोमेंटो भेंट किए गए।

कार्यक्रम के बाद आठ वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। संचालन कमल बगड़िया ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन एसएन राव ने दिया। मौके पर धनंजय कुमार पुटूस, पंकज तिवारी, अरुण राय, संजय साव, रंजीत पलविंदर सिंह, वंशीधर गोप, मंजीत साहन, अरविंद जायसवाल, इंद्रपाल सिंह सैनी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।