रामगढ़, 05 अगस्त: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विज्ञान संकाय अंतर्गत भौतिकी विभाग में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत एवं अंतिम वर्ष के छात्रों को भावभीनी विदाई देने के लिए फ्रेशर्स एवं फेयरवेल पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर सीनियर विद्यार्थियों ने नवागंतुक छात्रों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अनुशासनिक परंपराओं से परिचित कराया।
समारोह में विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह, उमंग और भावनात्मक माहौल देखने को मिला। विदाई ले रहे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में बिताए अपने अनुभव साझा किए तथा जूनियर छात्रों को सफलता के लिए प्रेरित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने नवप्रवेशी एवं विदाई ले रहे विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों का ज्ञान, प्रतिभा और संस्कार समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के सफल, समृद्ध एवं गौरवपूर्ण जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय तथा विज्ञान संकाय के सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. डी.के. कुशवाहा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें ज्ञान, ईमानदारी और वैज्ञानिक जिज्ञासा के मूल्यों को जीवनभर अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन राहुल चंद्र मंडल ने किया। समारोह के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए यादगार और प्रेरणादायक साबित हुआ।