गोला (रामगढ़), 4 अगस्त: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को अपने पैतृक गांव नेमरा, रामगढ़ पहुंचेंगे। यहां आयोजित विकास मेला तथा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित अन्य अधिकारियों ने पूर्व में कार्यक्रम स्थल और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं का अवलोकन करेंगे तथा लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों और योजनाओं का वितरण भी किए जाने की संभावना है। विकास मेला में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाए गए हैं, जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी।
दौरे का सबसे प्रमुख आकर्षण सोना सोबरन प्लस टू उच्च विद्यालय, लुकैयाटांड़ परिसर में स्थापित दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रतिमा का अनावरण होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता एवं झारखंड आंदोलन के पुरोधा रहे शिबू सोरेन की प्रतिमा का लोकार्पण करेंगे
नेमरा में आयोजित इस कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। बरलंगा से नेमरा तक सड़क किनारे सौंदर्यीकरण, रंग-रोगन और अन्य विकास कार्य भी कार्यक्रम से पहले पूरे किए गए हैं।
गौरतलब है कि नेमरा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पैतृक गांव है और वे समय-समय पर यहां आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारंपरिक कार्यक्रमों में शामिल होते रहे हैं।