रामगढ़, 30 जुलाई: जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को भुरकुंडा स्थित बालिका उच्च विद्यालय एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरकाकाना का औचक निरीक्षण किया। दोनों संस्थानों में विभिन्न कमियां मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े विभागों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सबसे पहले उपायुक्त ने बालिका उच्च विद्यालय, भुरकुंडा का निरीक्षण कर विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, शैक्षणिक गतिविधियों तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। वहीं रेल परियोजना के तहत आयोजित परीक्षाओं एवं प्रोजेक्ट इंपैक्ट के कार्यों की समीक्षा में भी कई कमियां सामने आईं। इस पर उपायुक्त ने विद्यालय की प्राचार्य से स्पष्टीकरण तलब करते हुए प्राचार्य सहित सभी शिक्षकों एवं अन्य कर्मियों के वेतन पर अगले आदेश तक रोक लगाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।
निरीक्षण के दौरान एचडीएफसी एवं ओएनजीसी के सहयोग से स्थापित स्मार्ट क्लास भी बंद मिला। उपायुक्त ने संबंधित एजेंसियों एवं शिक्षा विभाग को समन्वय स्थापित कर इसे शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से पढ़ाई, नियमित कक्षाओं, परीक्षा एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित अध्ययन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यालय में पाई गई सभी कमियों को 10 दिनों के भीतर दूर कर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
इसके बाद उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरकाकाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए तथा स्वास्थ्य केंद्र में अपेक्षाकृत कम मरीजों के आने की जानकारी मिली। इस पर उन्होंने गंभीर नाराजगी जताते हुए संबंधित चिकित्सक, एएनएम एवं अन्य कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरकाकाना के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की संख्या बढ़ाने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति तथा आमजनों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ठोस योजना बनाई जाए।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले के सभी विद्यालयों एवं स्वास्थ्य केंद्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।