आज SIR का अंतिम दिन, हर हाल में जमा करें इन्यूमरेशन फॉर्म, तभी 5 अगस्त की ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल होगा नाम

Spread the News

रांची, 29 जुलाई: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाताओं के लिए इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि आज 29 जुलाई निर्धारित की गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना भरा हुआ एवं हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म संबंधित बूथ लेवल अधिकारी को अवश्य जमा करें, ताकि उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, 30 जून से 29 जुलाई तक चल रहे इस अभियान के दौरान बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध करा रहे हैं। मतदाताओं को फॉर्म में आवश्यक जानकारी भरकर, नवीनतम फोटो चिपकाकर तथा हस्ताक्षर कर उसे बीएलओ को जमा करना है। यह प्रक्रिया सभी Mapped और Unmapped मतदाताओं के लिए अनिवार्य है।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा होने के आधार पर ही मतदाता का विवरण सत्यापित किया जाएगा और 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि अंतिम दिन का इंतजार न करें और यदि अभी तक बीएलओ को फॉर्म जमा नहीं किया है तो आज हर हाल में यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि भविष्य में मतदान के अधिकार से संबंधित किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।