झारखंड के 4 जिलों में ऑरेंज, 10 जिलों में येलो अलर्ट; भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

Spread the News

रांची, 28 जुलाई। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र ने राज्य के चार जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट तथा 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में तेज बारिश, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद और देवघर समेत 10 जिलों में भारी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम और सक्रिय मानसूनी प्रभाव के कारण राज्य में वर्षा की गतिविधियां बढ़ी हैं। निचले इलाकों में जलभराव, छोटी नदियों और नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा कमजोर क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे नहीं रुकने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।