16 झारखंड और 8 छत्तीसगढ़ के माओवादी रांची पुलिस मुख्यालय में करेंगे सरेंडर, हथियार भी सौंपे जाने की संभावना
रांची, 28 जुलाई: झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिलने जा रही है। झारखंड के 16 और छत्तीसगढ़ के 8, कुल 24 माओवादी आज 11 बजे रांची स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के नेतृत्व में आत्मसमर्पण करेंगे। इस सामूहिक आत्मसमर्पण को राज्य में माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्मसमर्पण करने वाले माओवादी लंबे समय से झारखंड और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहे हैं। इनमें कई ऐसे उग्रवादी भी शामिल हैं, जिन पर विभिन्न आपराधिक मामलों में इनाम घोषित है। आत्मसमर्पण के दौरान उनके द्वारा 11 आधुनिक हथियार और बड़ी मात्रा में कारतूस भी पुलिस के समक्ष जमा कराए जाने की संभावना है।
झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौटने वाले उग्रवादियों को पुनर्वास, कौशल विकास और रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाती है। पुलिस का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे अभियान और पुनर्वास नीति के कारण माओवादी संगठन कमजोर पड़ रहा है तथा बड़ी संख्या में उग्रवादी हिंसा का रास्ता छोड़कर सामान्य जीवन अपनाने के लिए आगे आ रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि इस सामूहिक आत्मसमर्पण से माओवादी गतिविधियों पर और प्रभावी अंकुश लगेगा तथा राज्य के प्रभावित क्षेत्रों में शांति एवं विकास को नई गति मिलेगी।