डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक, स्कूलों के 100 मीटर दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर रहेगी कड़ी नजर
रामगढ़, 28 जुलाई: जिले में नशे के बढ़ते दुष्प्रभाव पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सोमवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (एनकॉर्ड) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने ड्रग इंस्पेक्टर को जिले की सभी दवा दुकानों में नियमित एवं सघन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन दवाओं का दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा सकता है, उनकी बिक्री और स्टॉक पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में जिला शिक्षा अधीक्षक एवं संबंधित अधिकारियों को सभी सरकारी और निजी विद्यालयों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। यदि कोई दुकानदार नियमों का उल्लंघन करते पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
डीसी ने सार्वजनिक स्थलों पर युवाओं द्वारा नशे के सेवन की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को रात्रि गश्ती बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि रामगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं अन्य सभी विभागों को संयुक्त रूप से अभियान चलाना होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा करते हुए अभियान की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।